मनेंद्रगढ़ एमसीबी गोंडवाना उदय न्यूज ग्रुप 15 नवम्बर 2023 जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन, 2023 हेतु जिले में 17 नवम्बर 2023 को प्रातः 8:00 बजे से सायं 5:बजे तक मतदान होना है। लोकतंत्र का यह महापर्व पांच वर्षों में एक बार आता है और इस महापर्व में सम्मिलित होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना हम सबका अधिकार भी है और एक महती जिम्मेदारी भी। जिले में मतदाताओं को मताधिकार का महत्व बताने तथा आगामी निर्वाचन में इसका प्रयोग करने के लिए जागरूक और प्रेरित करने के दृष्टिकोण से स्वीप अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में आप सभी की उत्साहजनक सहभागिता से शत-प्रतिशत मतदान का हमारा संकल्प मजबूत हुआ है। आप सभी से मेरी यह अपील है कि इसी उत्साह व उमंग के साथ 17 नवम्बर 2023 दिन शुक्रवार को आप अपने मतदाता परिचय पत्र (ईपिक) अथवा अन्य निर्धारित 12 दस्तावेज में से कोई एक के साथ अपने-अपने मतदान केन्द्रों में मतदाता के रूप में अंकित परिवारजनों व इष्ट मित्रों के साथ पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर वासी इस बार भी अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करेंगे और शत-प्रतिशत मतदान करते हुए देश व प्रदेश के मानचित्र में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी भरतपुर को विशेष स्थान दिलाने में महती भूमिका निभाएंगे।