पत्नी की मौत पर पति हुआ गिरफ्तार

मनेन्द्रगढ़ कोरिया /अरविंद सोनी/GCG NEWS/19 मई 2021,स्थानीय थाना अंतर्गत रापाखेरवा में सास की मृत्यु के बाद उसके क्रियाकर्म की तैयारियों में लगी महिला को उसके पति ने भूख लगने की बात कहकर खाना निकालने का आदेश दिया जिसपर पत्नी ने व्यस्त होने की बात कहते हुए पति को खुद खाना निकाल लेने के लिये कहा। इतनी सी बात पर आगबबूला हुए पति ने महिला को लाठी-डंडे से पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मनेन्द्रगढ़ थाना अंतर्गत रापाखेरवा निवासी जीर सिंह आत्मज स्व. रंजीत सिंह की मां की हाल ही में कुछ दिन पूर्व मृत्यु हो गयी थी जिसके क्रियाकर्म की तैयारी जीर सिंह तथा उसकी पत्नी जयमन्ती कर रहे थे। दो दिन पूर्व 17 मई को आंगन की लिपाई-पुताई करने के दौरान दोपहर लगभग 3 बजे जीर सिंह ने अपनी पत्नी जयमन्ती से भूख लगने की बात कहते हुए उसे खाना निकालने के लिये कहा जिसपर पत्नी ने अपनी व्यस्तता बताते हुए पति को खुद खाना निकालकर खा लेने के लिये कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया जिसपर पति घर के भीतर से बांस का डंडा लेकर आया तथा अपनी पत्नी के सिर व पेट में ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया।
इस मारपीट से महिला आंगन में ही अचेत हो गयी, लगभग एक घंटे तक उसी हाल में पड़े रहने के कारण उसकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी आरोपी के बड़े भाई पंचम ने फोन पर मृतिका के मायके में दी जिसपर मायके पक्ष द्वारा आरोपी पति के खिलाफ मनेन्द्रगढ़ थाने में अपराध दर्ज कराया गया। पुलिस ने आज आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी सचिन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक आर.एन.गुप्ता, आरक्षक जितेन्द्र ठाकुर, राजेश कुमार पन्ना, लाल राजवाड़े, इश्ताक खान, धर्मेन्द्र साहू, पुरूषोत्तम बघेल व सैनिक सुरेश सिंह सक्रिय रहे।

22:08