(अमितकुमार उदय ब्यूरो चीफ)
कोरिया छत्तीसगढ़ (GCG NEWS) 25 मार्च 2021 जानकारी की मानें, तो आदिम जाति कल्याण संस्थान रायपुर के तत्वाधान में वन अधिकार अधिनियम 2006, पेसा अधिनियम एवं अनुसूचित क्षेत्र में भूमि क्रय-विक्रय के संबंध में राजस्व भू-संहिता की धारा 170(ख) का राज्य में प्रभावी क्रियान्वयन को दृष्टिगत रखते हुए पंचायत के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण सह-कार्यशाला में वन अधिकार अधिनियम एवं पेसा अधिनियम के प्रावधानों पर चर्चा की गई। जिसमें वन अधिकार अधिनियम 2006, नियम 2007 तथा संशोधित नियम 2012 में विहित प्रावधानों एवं विभिन्न धाराओं के अधीन वन अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन, ग्राम सभा, वन अधिकारी समितियों, उपखंड स्तरीय एवं जिला स्तरीय समिति के गठन तथा उनके कृत्यों के साथ साथ व्यक्तिगत वन अधिकार, सामुदायिक वन अधिकार एवं सामुदायिक वन संसाधन अधिकारों, पेसा अधिनियम एवं अनुसूचित क्षेत्र में भूमि क्रय-विक्रय के संबंध में राजस्व भू-संहिता की धारा 170(ख) पर राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स श्री प्रखर एवं श्री विभोर के द्वारा विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों द्वारा अधिनियमों से संबंधित शंकाओं के निवारण हेतु कई सवाल पूछे गए, जिनका राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनरों के द्वारा विस्तारपूर्वक चर्चा कर उनके प्रश्नों का युक्तियुक्त समाधान किया गया। उपस्थित जनजाति समाज प्रमुखों एवं गणमान्य जन-प्रतिनिधियों ने कहा कि शासन द्वारा आयोजित उक्त प्रशिक्षण सह-कार्यशाला के आयोजन से जनजाति समुदायों को उनके अधिकारों के संबंध में जागरूकता लाने का शासन द्वारा यह एक सराहनीय प्रयास है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर जनजाति समाज के उत्थान एवं अपने अधिकारों के लिए अग्रसर हो सकें। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह, कलेक्टर श्री एसएन राठौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत, अपर कलेक्टर श्री सुखनाथ अहिरवार, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डाॅ0 ललित शुक्ला सहित जिला एवं उपखण्ड स्तरीय वन अधिकार समिति के सभी सदस्यगण, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी वन क्षेत्रपाल, जनजाति समाज प्रमुख एवं प्रत्येक विकासखण्ड से एक-एक सरपंच एवं प्रशासन अकादमी निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त जिले के मास्टर टेनर्स उपस्थित रहे।
Post Views: 325
